Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JALAUN NEWS: कोंच कोतवाली क्षेत्र के उरई रोड स्थित होटल आशीर्वाद में कुक (बावर्ची) की हुई रहस्यमयी मौत का मामला अब और पेचीदा होता जा रहा है। 29 अक्टूबर रात को होटल के कुक (बावर्ची) महेश कुमार अहिरवार की गोली लगने से मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां और होटल के स्टाफ के मौन रहने तथा पत्नी द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के बाद मामले को और संदिग्ध बना रहा है। घटना होटल के कमरा नंबर 115 की है, जहां महेश कुमार अहिरवार मृत मिला था। उसके सीने में गोली लगी थी, और पास में लाइसेंसी रिपीटर गन बरामद की गई थी। यह रिपीटर गन भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन देवेंद्र निरंजन के बेटे हिमांशु निरंजन की थी, जिसे उनका निजी सुरक्षाकर्मी संदीप अपने पास रखता था, जिस रात महेश की गोली लगने से मौत हुई उस रात भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन देवेंद्र निरंजन के बेटे हिमांशु का निजी सुरक्षा कर्मी संदीप के साथ शराब पी रहा था, सवाल यह उठ रहा है कि वह हथियार होटल के उस कमरे में कैसे पहुंचा और महेश के हाथ में कैसे लगा। कर्मचारियों ने बताया कि किसी ने भी घटना के बारे में खुलकर कुछ नहीं बताया। सभी कर्मचारी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसा लग रहा है मानो किसी अदृश्य दबाव के चलते वे बोलने से कतरा रहे हों।मामले का सबसे बड़ा रहस्य यह है कि महेश ने 24 अक्टूबर को ही होटल में काम शुरू किया था, और सिर्फ छह दिन बाद ही 29 अक्टूबर की रात को उसकी मौत हो गई। आखिर ऐसा क्या हुआ कि महेश ने इतनी जल्दी आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया? पुलिस के अनुसार, उसने शराब के नशे में खुद को गोली मार ली, लेकिन इस दावे के पीछे कोई ठोस सबूत या गवाह अब तक सामने नहीं आया है।