Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने किया प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने आज जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में कचहरी पहुंचकर सरकार विरोधी नारे लगाए और मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से किसानों की धान, तेलहन और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे किसान पूरी तरह से परेशान हैं। कांग्रेस ने बताया कि महोबा के किसान छोटेलाल की सदमे से मौत और झांसी के किसान कमलेश यादव की आत्महत्या इस संकट की गंभीरता को दर्शाती है। ज्ञापन में सरकार से मृतक किसानों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवज़ा देने, कृषि विभाग की टीम भेजकर नुकसान का स्थलीय सर्वे कराने और किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने व खाद की काला बाजारी रोकने की मांग की गई। ज्ञापन देने के बाद जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि किसानों के नुकसान का जल्द सर्वे कराकर उन्हें मुआवज़ा दिया जाना चाहिए ताकि ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की कमी गंभीर समस्या बन गई है, किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं, जबकि वही खाद बाद में ब्लैक में बेची जा रही है। शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार किसानों को खाद तक नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रही है, जबकि कांग्रेस किसानों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। ज्ञापन देने वालों में संतोष कुमारी शुक्ला, शेख एजाज अहमद, सईद चच्चा, कलीम उल्ला, देवी प्रकाश दुबे, राजेंद्र लोधी, अनुराग नारायण मिश्र, ओम प्रकाश कोरी, ब्रजेश मिश्रा, आनंद सिंह गौतम, सैयद सहाब अली, मिस्बाहुल हक, मोइन राइन, एम.एल. श्रीवास, मो. इमरान, मोहित मिश्रा, कौशल कुमार शुक्ला, बसीर अहमद, बच्चा बाजपेई, नौशाद अहमद, अकरम काले, नसीम अंसारी, लाल तिवारी, राजबीर सिंह समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।