सहकारी समितियों में डीएपी खाद का संकट गहराया, किसान परेशान

घंटों की लाइन लगाने के बाद किसान पा रहे एक बोरी खाद
FATEHPUR NEWS: जिले में डीएपी खाद का संकट गहरा गया है। रबी की बुवाई के लिए किसान खाद की तलाश में भटक रहे हैं। सहकारी समितियों पर खाद की एक बोरी के लिए किसानों को सुबह से शाम तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे उनका पूरा दिन बर्बाद हो रहा है। बकंधा ग्राम पंचायत और अंदौली सोसाइटी में लाइन में खड़े किसानों में से राम सुमेर, संकठा प्रसाद, कामता पटेल, रमेश पाल और जितेंद्र सविता ने बताया कि चार दिनों के इंतजार के बाद उन्हें बड़ी मुश्किल से एक-एक बोरी खाद मिल पाई है। किसानों के अनुसार, आलू और गेहूं की बुवाई के लिए उन्हें और खाद की आवश्यकता है, लेकिन समितियों पर उपलब्धता न होने के कारण उन्हें अब महंगे दामों पर बाजार से खाद खरीदनी पड़ सकती है। कई किसानों को तो पूरे दिन लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इस समस्या के संबंध में जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार से बात की गई। उन्होंने जिले में डीएपी खाद की कोई समस्या न होने का दावा किया। कुमार ने कहा कि समितियों में खाद पहुंचाई जा रही है और किसानों को जल्द ही यह उपलब्ध होगी। उन्होंने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और साथ ही यह भी कहा कि वे खाद का अनावश्यक रूप से भंडारण न करें तथा खेतों में उसका प्रयोग मानक के अनुरूप ही करें। हालांकि, समितियों पर लगी लंबी कतारें और किसानों की निराशा जिला कृषि अधिकारी के दावों पर सवाल खड़े करती हैं। रबी की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में खाद का संकट किसानों की चिंता बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *