सीएम युवा योजना की समीक्षा बैठक में धीमी प्रगति पर सीडीओ ने जताई नाराजगी

सीडीओ ने बैंकों को 10 दिन में सुधार के निर्देश
FATEHPUR NEWS: विकास भवन सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में सीएम युवा योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सभी बैंकों के जिला समन्वयकों तथा न्यूनतम प्रदर्शन करने वाली बैंक शाखाओं के प्रबंधकों के साथ योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उ.प्र. ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, आईडीबीआई बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा अर्द्धवार्षिक लक्ष्यों के सापेक्ष संतोषजनक प्रगति न होने पर सीडीओ ने गंभीर नाराजगी जताई। सीडीओ ने सभी बैंकों को निर्देश दिया कि आगामी 10 दिनों के भीतर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें, अन्यथा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में रुचि न लेने के कारण संबंधित बैंकों के उच्चाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए सूचना भेजी जाएगी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बिना उचित कारण बताए ऋण आवेदन पत्र निरस्त करने वाली बैंकें भविष्य में ऐसा न करें। किसी भी आवेदन को निरस्त करने से पहले सीएम युवा मिशन कार्यालय या जिला उद्योग केंद्र को सूचित करना अनिवार्य होगा। मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग और अग्रणी जिला प्रबंधक को भी निर्देशित किया कि योजना की दैनिक समीक्षा करें, निरस्त किए गए आवेदन पत्रों की जांच करें और जिन आवेदनों में कमियाँ हों, उन्हें सुधार कर पुनः संबंधित बैंकों को भेजा जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *