जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने यातायात माह का किया शुभारम्भ

जनपदवासियों से अपील है कि यातायात नियमों का अनुपालन करें तथा दूसरे लोगों को भी यातायात नियमों का अनुपालन करने के लिए प्रेरित करें:डीएम
KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ0 अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने आज यातायात माह का शुभारम्भ किया तथा उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि छोटी-छोटी चीजें यथा-हेलमेट न पहनने, सिंग्नल ब्रेक करने या यातायात नियमों का अनुपालन न करने के कारण, जो सड़क दुर्घटनायें होती हैं, उसका बहुत ही भयानक रूप सामने आता है। हम सब यह संकल्प लेकर जायें कि यातायात नियमों का अनुपालन करेंगे तथा दूसरे लोगों को भी यातायात नियमों का अनुपालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। सड़क सुरक्षा नियमों को हमें अपनी आदत में लाना होगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान को भी सुरक्षित रख सकतें हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीटबेल्ट अवश्य लगायें। ओवर स्पीड में वाहन न चलायें। शराब पीकर वाहन न चलायें तथा ट्रैफिक लाइट एवं संकेत चिन्हों आदि नियमों का पालन करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के अनुपालन के प्रति जागरूक करना है तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकें। विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जायेंगा। विद्यालयों में कार्यक्रम कर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जायेंगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किया जाता है। उन्हांने सभी से आवाह्न किया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनुपालन करें। अपनी लेन में ही वाहन चलायें। हेलमेट पहने व सीटबेल्ट अवश्य लगायें। वैध लाइसेन्स मिलने के बाद ही वाहन चलायें। सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुॅचायें। सरकार द्वारा सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति को गोल्डेन ऑवर में अस्पताल पहुॅचाने वाले व्यक्ति को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किये जाने का भी प्राविधान किया गया है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात संतोष सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी तारकेश्वर मल्ल सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *