पराली जलाई… तो भरना पड़ा जुर्माना! प्रशासन का सख्त रुख, सैटेलाइट से पकड़ी हरकत

सैटेलाइट से मिली सूचना पर  जॉइंट मजिस्ट्रेट ने की त्वरित कार्यवाही, पराली जलाने वाले से वसूला जुर्माना
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 3 नवंबर को पराली जलाने की घटनाओं पर अब जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। चेतावनी, निगरानी और कार्रवाई तीनों एक साथ! तहसील मोहम्मदी, ब्लॉक पसगवां के ग्राम उचौलिया में किसान मोसीन अली पुत्र सिपाही ने खेत की गाटा संख्या 461 मि0 /0.599 हे0 अंश 0.100 हे0 भूमि पर पराली जला दी। लेकिन ज़मीन पर उठा धुआं सीधा सैटेलाइट तक जा पहुंचा! एसडीएम मोहम्मदी/जॉइंट मजिस्ट्रेट चलुवराजू आर को जैसे ही सैटेलाइट सिस्टम से पराली जलाने की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल राजस्व और कृषि विभाग की टीम को मौके पर भेजा। जांच में तथ्य सही पाए गए। प्रशासन ने बिना देरी किए किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया और मौके पर ही वसूली की गई। इसके अलावा BNSS की धारा 126, 135 व 170 के तहत ₹3 लाख की पाबंदी लगाते हुए किसान को सख्त चेतावनी दी गई। जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम चलुवराजू आर ने कहा कि सैटेलाइट से लगातार निगरानी की जा रही है। पराली जलाने की किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई होगी। जुर्माना और पाबंदी के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पराली जलाने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। हर ब्लॉक, हर गांव में निगरानी टीम सक्रिय है और फील्ड पर निरीक्षण जारी है।
डीएम की अपील, पराली न जलाएं, मिट्टी और सेहत दोनों बचाएं
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा है कि पराली जलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि पर्यावरण, मिट्टी और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेष प्रबंधन तकनीक अपनाएं, ताकि मिट्टी की सेहत भी बनी रहे और हवा भी साफ रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *