डीएम ने कंपोजिट विद्यालय मधुबेनिया का किया निरीक्षण, तीन शिक्षक/शिक्षामित्र अनुपस्थित

बच्चों से सीधे पूछा पढ़ाई का हाल, स्मार्ट क्लास की तारीफ; गैरहाजिर शिक्षकों का कटेगा एक दिन का वेतन
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार (03 नवंबर 2025) को विकास क्षेत्र बर्डपुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, मधुबेनिया का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने सीधे कक्षाओं में जाकर बच्चों से उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया, जहां एलईडी चालू मिली, और शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग कर बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। निरीक्षण के दौरान कई बच्चे बिना निर्धारित ड्रेस के पाए गए, जिस पर डीएम ने सभी बच्चों की ड्रेस में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपस्थिति रजिस्टर की जांच में सामने आया कि 17 शिक्षकों में से अनिल कुमार यादव (शिक्षामित्र), संजय कुमार (अनुदेशक), और प्रमिला श्रीवास्तव (शिक्षामित्र) अनुपस्थित थे। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इन तीनों गैरहाजिर शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। डीएम ने मिड-डे मील को मेनू के अनुसार बनाने, विद्यालय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, और निपुण तालिका, शिक्षक डायरी सहित सभी आवश्यक अभिलेखों को समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *