Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

तहसील से लेकर गांव तक आक्रोश का माहौल
PRATAPGARH NEWS: जानलेवा हमले में घायल अधिवक्ता रूद्र प्रताप पाण्डेय का शव दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे सांगीपुर थाना क्षेत्र के बवरिहा गांव में पैतृक आवास पहुंचा। यहां घटना को लेकर आक्रोशित भीड़ को समझाने बुझाने में पुलिस व प्रशासन को पसीने छूट आये। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीओ आशुतोष मिश्र व सांगीपुर एसओ मनीष त्रिपाठी को आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही को लेकर नाराजगी जतायी। शव के साथ भाजपा शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी भी यहां पहुंचे। गांव मे भी संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश व रूरल बार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व महामंत्री हरिश्चंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों का भी जमावड़ा दिखा। यहां वकीलों ने शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी तथा एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा व सीओ आशुतोष मिश्र को मुख्यमंत्री को संबोधित अधिवक्ताओं की ओर से मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में मृतक अधिवक्ता के परिजनों को पचास लाख रूपये मुआवजा तथा दो शस्त्र लाइसेंस व एक सरकारी नौकरी की मांग उठायी गयी है। वहीं मांग पत्र में घटना में शामिल फरार आरोपियो की गिरफ्तारी व उन पर गैंगेस्टर कार्रवाई की भी वकीलों ने सीएम से मांग की है। शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने अधिवक्ताओं को मांग पत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखे जाने का भरोसा दिलाया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, बीजेपी नेता केके सिंह तथा भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी तिवारी, लालगंज टाउन एरिया चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जतायी। शव घर पहुंचा तब परिजन दहाड़ मारकर रोने बिलखने लगे। मृतक अधिवक्ता रूद्र प्रताप पाण्डेय के भाई शिव प्रताप पाण्डेय व घायल भानु प्रताप पाण्डेय शव देखकर चीख पड़े। करीब एक घण्टे बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज के दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट रवाना हुए। यहां सांगीपुर एसओ मनीष त्रिपाठी के अलावा एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा, सीओ आशुतोष मिश्र, लीलापुर प्रभारी निरीक्षक मनोज पाण्डेय, संग्रामगढ़ एसओ सत्येन्द्र भदौरिया, उदयपुर एसओ प्रदीप कुमार समेत पुलिस व पीएसी को भी मुस्तैद देखा गया।