जिलाधिकारी ने कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दृष्टिगत कुबरी घाट एवं कालेश्वर घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं उनकी सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दृष्टिगत आज कुबरी घाट एवं कालेश्वर घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कुबरी घाट के निरीक्षण के दौरान कार्तिक पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या आदि जानकारी प्राप्त करते हुए अधिशासी अधिकारी, दारानगर को और चेंजिंग रूम लगाने एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रकाश व्यवस्था तथा पर्याप्त मोबाइल शौचालय लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिराथू एवं अधिशासी अधिकारी से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत फ्लोटिंग बैरियर, गोताखोर व पर्याप्त नाव की व्यवस्था आदि कार्यवाही सुनिश्चित कर लिया जाय, जिससे किसी के भी डूबने की अप्रिय घटना न होने पाए। जिलाधिकारी ने कालेश्वर घाट के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी को और सफाई कर्मियों को लगाकर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिराथू एवं अधिशासी अधिकारी को मोबाइल शौचालय लगवाने, पर्याप्त गोताखोर एवं नाव की व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा नाविकों के पास पर्याप्त  लाइफ जैकेट अवश्य रहे, सुनिश्चित कर लिया जाय। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को कर्मचारियों की नाम सहित ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह एवं उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ सहित अन्य अधिकारीगण तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण केसरवानी, विनय पंडा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *