कलेक्ट्रेट में व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की करी कोशिश, होमगार्ड जवानों ने बचाई जान

पत्नी, बेटियां और नातिन के लापता होने पर कार्रवाई न होने से नाराज़ था ग्रामीण, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर तैनात होमगार्ड जवानों ने समझदारी दिखाते हुए उसकी माचिस छीन ली और किसी तरह उसे बचा लिया। घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। व्यक्ति ने अचानक हाथ में रखी बोतल से पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया और आग लगाने का प्रयास करने लगा। तभी ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, आत्मदाह का प्रयास करने वाला व्यक्ति दीपक यादव पुत्र स्व. राम स्वरूप यादव निवासी ग्राम बरैची, थाना किशनपुर है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी उर्मिला देवी (39 वर्ष), दो बेटियां रूबी (24 वर्ष) और रंजना (18 वर्ष) तथा नातिन भवानी (3 वर्ष) बीते 25 अक्टूबर से लापता हैं। दीपक यादव का आरोप है कि उसने किशनपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। उसने कहा कि पुलिस उसकी मदद करने के बजाय उसे ही परेशान कर रही है, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और आत्मदाह का कदम उठाया। सूचना पर डीएसपी सिटी गौरव शर्मा और कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दीपक यादव के खिलाफ आत्मदाह के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है और लापता परिवार की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मचा रहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासनिक कार्रवाई होती तो यह स्थिति न बनती।
क्या बोले जिम्मेदार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। जल्द ही लापता परिवार का पता लगा लिया जाएगा। – गौरव शर्मा, डीएसपी सिटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *