Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सोसाइटी में खाद पहुंचने से किसानों को मिली राहत
FATEHPUR NEWS: ऐरायाँ विकास खंड के अंतर्गत कोड़ारवर स्थित अल्लीपुर भादर सहकारी समिति में 1 नवम्बर से 3 नवम्बर तक दो राउंड में कुल 750 बोरी डीएपी खाद पहुँची। खाद मिलने से क्षेत्र के किसानों को गेहूं की बुआई में राहत मिली है। मंगलवार को समिति परिसर में किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। किसान सुबह छह बजे से ही लाइन में लग गए। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने शनिवार को ही अपने कागजात जमा कर दिए थे, फिर भी उन्हें अभी तक खाद नहीं मिली। कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि परिचित किसानों को पहले खाद दी जा रही है। भादर निवासी श्यामलाल ने बताया कि उनका आधार और खतौनी शनिवार को ही जमा हो चुका है लेकिन अभी तक खाद नहीं मिली। कटरा निवासी मलखान सिंह चौहान ने कहा कि पहले दिन आधार कार्ड से खाद दी जा रही थी, अब खतौनी मांगी जा रही है जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। धनकामई निवासी हनुमत सिंह ने बताया कि सर्वर डाउन और फिंगर मशीन न चलने से वितरण में दिक्कत आ रही है। वहीं अल्लीपुर निवासी अमर सिंह ने कहा कि एक खतौनी पर तीन बोरी खाद दी जा रही है और थोड़ी भीड़ तो हर जगह होती है। सहकारी समिति के सचिव राजेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को कृभको की 350 बोरी डीएपी खाद आई थी और उसके बाद इफको की 20-20-13 ग्रेड की 400 बोरी खाद आई। दोनों खादें 1350 रुपये प्रति बोरी की दर से किसानों को दी जा रही हैं। सोमवार को मैं अवकाश में होने के कारण वितरण नहीं हो सका था, मंगलवार से वितरण फिर से शुरू हो गया है और किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।