मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों को आधार अपडेट कराने के निर्देश

FATEHPUR NEWS: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शामिल होने वाले लाभार्थियों के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, फतेहपुर ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों के आधार कार्ड में बचपन की या पुरानी फोटो लगी है और जिन्होंने अब तक बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया है, उन्हें जल्द से जल्द फिंगरप्रिंट और फेस स्कैनिंग सहित आधार का बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधू दोनों की बायोमेट्रिक और फेसियल उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इसलिए ऐसे सभी आवेदक जो योजना के लिए आवेदन कर रहे हैं, वे स्पष्ट और पठनीय आधार कार्ड की प्रति लगाएं। जिनके पास आधार कार्ड नहीं है, उन्हें नया आधार बनवाने की कार्यवाही तुरंत पूरी करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि योजना से संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी इस दिशा में व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि किसी भी लाभार्थी को विवाह आयोजन के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति में कोई तकनीकी कठिनाई न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *