Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बिल पास कराने के दबाव में हुई थी मारपीट, बीच-बचाव करने आए अवर अभियंता से की गई अभद्रता
FATEHPUR NEWS: विद्युत विभाग कार्यालय में सोमवार को एसडीओ के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बलराम सिंह और पप्पू सिंह (दोनों निवासी प्रयागराज) तथा पिंटू सिंह (निवासी कौशाम्बी) शामिल हैं। तीनों आरोपी फतेहपुर की रानी कॉलोनी में रह रहे थे। मंगलवार को पुलिस टीम ने रानी कॉलोनी मोड़ से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बताते चलें कि यह घटना सोमवार को फतेहपुर विद्युत विभाग कार्यालय में हुई थी, जब ठेकेदारों ने एसडीओ अमित शर्मा से बिल पास कराने का दबाव बनाया। मना करने पर उन्होंने एसडीओ के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अवर अभियंता अनूप कुमार के साथ भी अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल एसडीओ को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फतेहपुर कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है। किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी से मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।