मजदूरी मांगने पर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान हुई मौत

तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा मजदूर
FATEHPUR NEWS: थाना हथगांव क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर मजरे गंगारामपुर  में मजदूरी का पैसा मांगना एक मजदूर को भारी पड़ गया। गांव के ही दबंगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान मंगलवार को युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक राजकुमार (35 वर्ष) पुत्र मोतीलाल निवासी बहादुरपुर, मजदूरी करता था। उसने गांव के ही दिलीप लोधी से अपनी करीब सात हजार रुपये मजदूरी की मांग की थी। इसी बात पर दिलीप, अर्जुन, अभिषेक, रमेश लोधी और तीन अन्य लोगों ने रविवार की रात करीब 10 बजे राजकुमार पर ईंटों और डंडों से हमला कर दिया। घटना में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन इलाज के लिए हथगांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराए। परिजनों के अनुसार, दबंगों ने बाद में समझौते के नाम पर कुछ आर्थिक मदद भी दी, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर मंगलवार की सुबह जब राजकुमार को फतेहपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर दुर्गेश प्रसाद गुप्त पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हथगाम इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। राजकुमार के परिवार में उसकी पत्नी सरोज देवी, मां सावित्री देवी और तीन छोटे बेटे शिवा, अंकुश और कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *