टूटा पैर, नहीं टूटा हौसला

9 नवंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में होगी एनएमएमएस की परीक्षा, 80 बच्चे एनएमएमएस की परीक्षा में हो चुके हैं सफल

PRATAPGARH NEWS: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 रविवार 9 नवंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित होगी। प्रतापगढ़ शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, केपी हिंदू इंटर कॉलेज तथा लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज में यह परीक्षा संपन्न होगी।  विकास खंड मान्धाता के मॉडल उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा गुलाब सिंह में बच्चों का नामांकन कक्षा 6 से 8 तक में 372 हो चुकी है । राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक फरहीम स्कूली बच्चों को खेल में प्रतिभाग कराकर लौटते समय रास्ते में एक्सीडेंट होने पर  पैर टूट गया।परंतु शिक्षक फरहीम अपने विद्यालय के बच्चों की परीक्षा की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इसके लिए शाम 3:00 से 6:00 बजे तक विशेष कक्षाएं चला रहे हैं। बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन अभिभावकों की सहमति लेकर अवकाश पर भी बच्चों को परीक्षा की तैयारी हेतु विशेष कक्षाएं चलायी। अभी तक इस परीक्षा में कुल 80 बच्चे चयनित हो चुके हैं और प्रत्येक बच्चा कुल 48000 रुपए की धनराशि प्राप्त करेगा। पूछने पर फरहीम ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 रविवार के दिन 9 नवंबर को आयोजित होगी। बच्चों की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं चल रहा हूं। पैर में फ्रैक्चर से महत्वपूर्ण बच्चों की परीक्षा है। बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ टेस्ट भी लिया जाता है। बच्चों को लेकर परीक्षा केंद्र पर प्रतिभाग भी कराना है। पैर टूटने पर एक दिन का भी अवकाश नहीं लिया। परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यालय में  रहना आवश्यक समझा। शिक्षक फरहीम के  इस तरह का जुनून और समर्पण का परिणाम है कि आज यह विद्यालय प्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय की श्रेणी में गिना जाता है। शिक्षक फरहीम बच्चों की सफलता को लेकर सदैव चिंतित रहते हैं यहां तक की अपने वेतन का अधिकांश भाग इन्हीं बच्चों के पीछे लगा देते हैं। यहां के बच्चे शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। शिक्षक फरहीम जो ठान लेते हैं उसे कर दिखाते है। जनपद के सभी विभागीय कार्यक्रमों में मॉडल स्कूल कटरा गुलाब सिंह के बच्चे प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक फरहीम बेसिक शिक्षा के रत्न हैं। आगे बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मंडल में सबसे ज्यादा फरहीम के विद्यालय से एनएमएमएस की परीक्षा में बच्चे चयनित होते हैं। ऐसे विद्यालय कॉन्वेंट और प्राइवेट स्कूल को भी मात दे रहे हैं। इस विद्यालय में 10 किलोमीटर की दूरी से भी बच्चे पढ़ने आते हैं। क्षेत्र में इस सरकारी विद्यालय की काफी प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *