Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सभासदों तथा व्यापारियों व आम शहरियों ने जताया सांसद व विधायक का आभार
PRATAPGARH NEWS: विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के प्रयास से लालगंज टाउन एरिया को करोड़ों की सीवरेज एवं जल निकासी को लेकर सौगात मिली है। विधायक एवं सांसद के देव दीपावली पर मिले उपहार से लालगंज आदर्श नगर पंचायत अब स्वच्छता के क्षेत्र में चमक लिए दिखेगा। क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना ने नगरवासियों की मांग पर बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर कवर्ड आरसीसी नाले के निर्माण कराए जाने को लेकर नगर विकास मंत्री को पत्र लिखा था। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के साथ विधायक आराधना मिश्रा ने विभागीय मंत्री से मिलकर इसके लिए धनराशि की मंजूरी का भी अनुरोध किया था। विधायक के प्रयास से शासन ने लालगंज टाउन एरिया के गौतमपुर वार्ड में आठ सौ पचासी मीटर सीसी नाले के निर्माण के लिए एक करोड़ बारह लाख बत्तीस हजार रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। शासन के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी के द्वारा निर्गत शासनादेश के तहत इस मद में प्रथम किश्त के रूप में पचपन लाख रूपये अवमुक्त भी कर दिया गया है। विधायक की ओर से यह जानकारी मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने जारी विज्ञप्ति में दी है। जिले में सिर्फ लालगंज टाउन एरिया के लिए करोड़ों की सौगात मिलने से नगरवासियों में बुधवार को खुशी का माहौल देखा गया। नगर पंचायत की अध्यक्ष अनीता द्विवेदी तथा प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने बताया कि विधायक मोना के प्रयास से मिली धनराशि से जलनिकासी की समस्या शीघ्र दूर हो सकेगी। चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी ने टाउन एरिया में जनसुविधाओं की इस प्रकार की बढ़ोत्तरी को लेकर विधायक मोना व सांसद प्रमोद तिवारी के प्रति सभासदों एवं स्थानीय व्यापारियों की ओर से आभार जताया है।