सड़क हादसे में बाइक सवार की हुई मौत, परिवार में छाया मातम

ट्रक ने मारा टक्कर, पहिया चढ़ने से हुई मौके पर मौत

FATEHPUR NEWS: जनपद में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। मृतक की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 25 वर्षीय प्रेम सिंह के रूप में हुई है। प्रेम सिंह मंगलवार को अपनी ससुराल खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन गांव बाइक से गए थे। ससुराल पहुंचने के बाद, प्रेम सिंह किसी काम से कानपुर-प्रयागराज हाइवे पर कटोघन टोल प्लाजा से पहले एक होटल के सामने पहुंचे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रेम सिंह उछलकर सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजनों ने बताया कि प्रेम सिंह की शादी तीन साल पहले कटोघन गांव में हुई थी। उनकी एक ढाई साल की बेटी है। परिवार में मां सुमित्रा देवी, बड़े भाई महेंद्र सिंह, छोटे भाई अशोक सिंह और तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मृतक सूरत में एक निजी कंपनी में काम करता था और दो दिन पहले ही सूरत से घर आया था। उसे 9 नवंबर को वापस सूरत जाना था, लेकिन इस हादसे में उसकी जान चली गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। कोतवाली प्रभारी ने जानकारी दी कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *