Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हर आंख हुई नम
MIRZAPUR NEWS: (VIJAY SANKAR PANDEY) कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार की सुबह मीरजापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर मातम पसर गया। गंगा स्नान को जा रही छह महिला श्रद्धालुएं कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। मौके पर ही छह महिलाओं की कटकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई, हर कोई इस भयावह दृश्य को देखकर सन्न रह गया। सूत्रों के अनुसार,श्रद्धालु ट्रेन से उतरने के बाद घाट की ओर जा रहे थे। गलती से वे विपरीत दिशा में उतर गए और रेलवे ट्रैक पार करने लगे। तभी तेज रफ्तार से आ रही कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई। कई अन्य घायल हो गए। अफरा-तफरी के बीच चला राहत कार्यहादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एसएसपी सोमेन बर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की।
मृतकों की पहचान सविता (28) पत्नी राजकुमार, निवासी कमरिया थाना राजगढ़,साधना (16) पुत्री विजय, निवासी बसवा थाना कर्मा, जनपद सोनभद्र,शिवकुमारी (12) पुत्री विजय शंकर,अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद,सुशीला देवी (60) पत्नी स्वर्गीय मोतीलाल, निवासी महुआरी थाना पड़री,कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव के रूप में हुई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन दिन पर जहां सुबह गंगा तटों पर श्रद्धा और आस्था उमड़ रही थी, वहीं शाम तक पूरा इलाका शोक में डूब गया। घाटों पर पूजा-अर्चना करने आए श्रद्धालु भी आंखों में आंसू लिए हादसे की चर्चा करते रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने भी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली और कहा कि सरकार हर संभव मदद करेगी। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सोशल मीडिया पर लिखा-मीरजापुर के चुनार रेलवे स्टेशन की यह दुखद घटना मन को व्यथित करती है। जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। कार्तिक पूर्णिमा जैसे शुभ दिन पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया ।