Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: जैन समुदाय के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक आठ दिवसीय आष्टानिका पर्व का भव्य समापन आज श्री मुकुंदीलाल दिगम्बर जैन मंदिर जीरो रोड में हवन एवं पूजा-अर्चना के साथ विधिवत सम्पन्न हुआ। इस पवित्र पर्व के आयोजक शशांक जैन ने बताया कि आष्टानिका पर्व का जैन धर्म में अत्यंत पवित्र एवं दुर्लभ पुण्यदायक महत्व है। इस दौरान प्रतिदिन सिद्ध भगवान की भक्ति, पूजा, अर्घ्य अर्पण और तप-स्वाध्याय के कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव से सम्पन्न हुए। प्रीति जैन ने बताया कि यह पर्व वर्ष में तीन बार कार्तिक, फाल्गुन और आषाढ़ महीनों में आठ दिन तक मनाया जाता है। बाला जैन ने कहा कि इन आठ दिनों को “आष्टानिका” इसलिए कहा गया है क्योंकि यह सिद्ध भक्ति और आत्मशुद्धि की साधना का काल है। समिधा जैन ने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा की निर्मलता, संयम और सदाचार का उत्सव है। स्वाति जैन के अनुसार, इन दिनों में भक्तजन अभिषेक, पूजन, अर्घ्य अर्पण और स्वाध्याय के माध्यम से अपने भीतर स्थित सिद्धत्व की ज्योति को प्रज्वलित करते हैं। साधना जैन ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार आष्टानिका में किया गया एक भी पूजन अनंत काल तक फलदायी होता है। वहीं प्रतिभा जैन एवं अर्चना जैन ने बताया कि सिद्ध भगवान की आराधना के ये आठ दिन आत्मा को निर्मल, शांत और प्रकाशमान करते हैं, और यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि सच्चा सुख आत्मा की शुद्धि में निहित है। संपूर्ण आयोजन के दौरान भक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना ने वातावरण को दिव्यता और उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम के सह-आयोजक अंकित जैन ने पूजा एवं हवन के उपरांत पं. आशीष जैन, अर्पण जैन, पुजारी शान्नी जैन, गुंजन जैन सहित सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं को सम्मानित किया। पूजा एवं हवन में डाली जैन, रतना जैन, रिंकी जैन, विनय जैन, रूपाली जैन, जानकी देवी जैन, अंशु जैन, राजेश जैन, दिनेश जैन, राजू जैन, निर्मल जैन, महेंद्र जैन सहित अनेक श्रद्धालु प्रमुख रूप से सम्मिलित हुए।