BLO आ रहे हैं घर-घर दस्तावेज़ रखें तैयार,वरना उड़ जाएगा नाम

SIR शुरू – नाम बचाना है तो दस्तावेज दिखाना है

MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दौरान मतदाता सूची को पूरी तरह से अपडेट किया जाएगा। जो लोग तय समय में अपने दस्तावेज या फॉर्म नहीं देंगे, उनका नाम नई मतदाता सूची से काट दिया जाएगा। मतदाता को पहचान प्रमाण के लिए नीचे दिए गए 11 दस्तावेजों में से कोई भी दो दस्तावेज देने होंगे—सरकारी पहचान पत्र, पेंशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मूल निवास प्रमाण पत्र, 10वीं की अंकतालिका या प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, वन अधिकार पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि या गृह आवंटन प्रमाण पत्र, या राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां लागू हो)।साथ ही, दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो (सफेद बैकग्राउंड सहित) देना अनिवार्य होगा। 01 जुलाई 1987 से पहले जन्मे – केवल एक दस्तावेज़ पर्याप्त होगा। 01 जुलाई 1987 से 02 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे – दो दस्तावेज़ जरूरी: एक स्वयं का और एक माता-पिता में से किसी एक का। 02 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे – तीन दस्तावेज़ देने होंगे: स्वयं का, माता का और पिता का। BLO (बूथ लेवल अधिकारी) जल्द ही घर-घर पहुंचेंगे। अभी BLO को फॉर्म नहीं मिले हैं, लेकिन जैसे ही मिलेंगे, वे मतदाताओं से दस्तावेज़ और फोटो एकत्र करेंगे।निर्वाचन आयोग ने अपील की है कि सभी नागरिक अपने दस्तावेज़ और फोटो तैयार रखें ताकि जांच के समय कोई परेशानी न हो। मृत व्यक्तियों के नाम हटेंगे। जो लोग स्थायी रूप से कहीं और जा चुके हैं, उनके नाम भी काटे जाएंगे। एक व्यक्ति के दो जगह नाम मिले तो उसका एक पंजीकरण निरस्त किया जाएगा। फर्जी नामों को पूरी तरह हटाया जाएगा। एक साफ-सुथरी और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार होगी।निर्वाचन आयोग ने 2003–04 की मतदाता सूची को “बेंचमार्क वर्ष” माना है। इसका मतलब है कि जिनके नाम उस समय की सूची में थे, उन्हें पुराने (लीगेसी) मतदाता के रूप में गिना जाएगा।अगर किसी का नाम उस सूची में नहीं था, तो उसका मतलब यह नहीं कि नाम हट जाएगा। बस उसकी पहचान और दस्तावेजों की अतिरिक्त जांच की जाएगी। जब BLO घर आए, तो सही दस्तावेज दिखाएं और हस्ताक्षर करें। अपने दस्तावेज़, फोटो और पहचान पत्र तैयार रखिए।BLO जब घर आएं, तो सहयोग करें ताकि आपका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे और आप लोकतंत्र के इस पर्व में वोट डाल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *