जिला अस्पताल में सीएमएस ने पकड़े 4 दलाल, मरीजों से पैसे मांगने की शिकायत पर पुलिस को सौंपा

सदर अस्पताल (जिला चिकित्सालय) में सीएमएस की कड़ी कार्यवाही
FATEHPUR NEWS: जिला अस्पताल में मरीजों से इलाज के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायतें मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी, एक्स-रे, ओटी और लैब में चार संदिग्ध दलालों को पकड़ा गया, जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीएमएस राजेश कुमार ने बताया कि दलालों द्वारा मरीजों से पैसे लेने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गुरुवार को टीम के साथ निरीक्षण के दौरान चार बाहरी व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जो पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इन्हें पुलिस को सौंप दिया गया था। हालांकि, कुछ घंटों बाद पुलिस चौकी पहुंचने पर सभी ने माफी मांगी और भविष्य में अस्पताल के आसपास न दिखने का आश्वासन दिया। पहली गलती मानते हुए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, साथ ही यह भी कहा गया कि दोबारा पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। यह कार्रवाई फतेहपुर जिले के सेमरा धूरी बुजुर्ग गांव की रानू देवी पत्नी अंतराम गौतम की शिकायत के बाद की गई। रानू देवी ने सीएमएस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि जिला अस्पताल में उनके उपचार के दौरान रिश्वत की मांग की गई थी। रानू देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका इलाज जिला अस्पताल में डॉक्टर अंजली की देखरेख में चल रहा है। उन्हें पिछले अक्टूबर में अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत के बाद 11 तारीख को भर्ती किया गया था। एक सप्ताह के उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। महिला का आरोप है कि 3 नवंबर को दोबारा भर्ती होने पर डॉक्टर ने अगले दिन ऑपरेशन करने को कहा, लेकिन ऑपरेशन कई दिनों तक टलता रहा। इस दौरान उन्हें चार से पांच दिनों तक भूखा भी रखा गया। रानू देवी ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन से पहले एक अस्पताल के कर्मी ने उनसे कहा कि ऑपरेशन में ₹6000 का खर्च आएगा। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया, तो डॉक्टर ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया और उनकी मर्जी के बिना कानपुर रेफर कर दिया। महिला ने सीएमएस से निवेदन किया है कि उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन सदर अस्पताल फतेहपुर में ही कराया जाए, क्योंकि वे कानपुर जाने में असमर्थ हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *