Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुख्य बाजार में बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
FATEHPUR NEWS: असोथर नगर पंचायत के मुख्य बाजार में एक बार फिर चोरों ने रेडीमेड कपड़ों और जूतों की दुकान को निशाना बनाते हुए लगभग 25 हजार रुपये का सामान और करीब 7 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। घटना बुधवार-गुरुवार की रात की बताई जा रही है। इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है और उन्होंने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार, कस्बे के व्यापारी विकास गुप्ता (चक्की वाले) पुत्र शिव नारायण गुप्ता निवासी नई बाजार असोथर की दुकान विकास रेडीमेड गारमेंट्स एवं शूज हाउस पोस्ट ऑफिस और पूर्व बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित है। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जब दुकानदार ने दुकान खोली तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला और दुकान के पीछे नाले की तरफ का दरवाजा टूटा हुआ था। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोरों ने दुकान से जींस, पैंट-शर्ट के 10-12 सेट, 5-7 जोड़ी जूते और गुल्लक में रखे 7-8 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। उनका कहना है कि पहले भी उनकी दुकान में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में बार-बार चोरी होने के बावजूद पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई करती है। वहीं, पास के पोस्ट ऑफिस के एक कर्मचारी ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी कुछ अज्ञात लोगों ने पोस्ट ऑफिस के ताले तोड़ने का प्रयास किया था, जिसके निशान अब भी मौजूद हैं। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि दुकानदार ने चोरी की सूचना दी है, लेकिन उसने कार्रवाई से फिलहाल इनकार किया है। प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।