शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

शासन के निर्देश पर बी.आर. एजुकेशन कॉलेज में हुआ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
KANPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जन जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवोदय नगर स्थित बी.आर. एजुकेशन कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव एवं यातायात पुलिस विभाग के निर्देशानुसार वर्टिस इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी कानपुर अशोक यादव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ केवल किसी व्यक्ति की लापरवाही का परिणाम नहीं होतीं, बल्कि यह पूरे समाज की संवेदनहीनता का दर्पण है। उन्होंने कहा कि जो लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं। सड़क पर हमेशा सतर्क रहना, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करना और मोबाइल फोन से परहेज़ करना हर नागरिक का दायित्व है। इस अवसर पर एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी अतुल यादव एवं सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने छात्रों को “सड़क पर पहला अधिकार” की अवधारणा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनना चाहिए और यातायात अनुशासन का पालन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली कि वे यातायात नियमों का पालन करेंगे और एक सुरक्षित व अनुशासित सड़क वातावरण के निर्माण में योगदान देंगे। इस मौके पर सुरक्षा अधिकारी फैय्याज आलम, विद्यालय के प्रधानाचार्य राम स्वरूप सिंह, यातायात पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *