रोडवेज बस और लोडर में हुई जोरदार टक्कर, बड़ा हादसा टला

45 सवारियों से भरी बस में मची अफरातफरी, पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा


FATEHPUR NEWS: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर मार्ग पर खिदिरपुर गांव के पास ब्रह्मदेव मंदिर के निकट गुरुवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। बांदा डिपो की एक रोडवेज बस और पिकअप लोडर में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस के आगे के शीशे चकनाचूर हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे, लेकिन सौभाग्य से कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांदा से कानपुर जा रही रोडवेज बस को एक लोडर वाहन ने तेज रफ्तार में ओवरटेक किया। ओवरटेक करने के बाद लोडर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे से आ रही बस टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के शीशे टूटकर कांच के टुकड़े चारों ओर फैल गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। यात्रियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते बस चालक ने वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस का कहना है कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। चालकों और वाहन स्वामियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *