जबरन भूमि कब्जे को लेकर जिलाधिकारी से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमण्डल

नासिरपुर गांव की जमीन पर कब्जे का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
FATEHPUR NEWS: नासिरपुर गांव में जबरन भूमि कब्जे के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी से मिला और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायती पत्र में कांग्रेस नेता राजेंद्र लोधी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में गाटा संख्या 77 की भूमि को भगवानदास, बलदेव, रामराज, अवधेश पुत्रगण धुरिया और श्यामलाल, श्यामबाबू पुत्रगण सहदेव से कानूनी रूप से खरीदा था। भूमि उनकी पत्नी सुनीता देवी के नाम दर्ज है। बाद में इसी खाता संख्या के सह-खातेदार जगदीश पुत्र छिद्दू से उनके रिश्तेदार रामप्रसाद पुत्र सैकू ने भी जमीन खरीदी और कब्जा लिया था। राजेंद्र लोधी ने आरोप लगाया कि दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की रात करीब ढाई बजे शिवपुर निवासी मनीष पटेल पुत्र अरविंद कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त भूमि पर बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा कर लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो मनीष पटेल और आशीष पटेल ने उन पर हमले का प्रयास किया, लेकिन पड़ोसियों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत कोतवाली सदर में दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से घटना की सत्यता की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, कलीम उल्ला सिद्दीकी, ई. देवी प्रकाश दुबे, मणि प्रकाश दुबे, आशीष गौड़, ओम प्रकाश कोरी, आदित्य श्रीवास्तव, सैयद सहाब अली और इंद्रजीत लोधी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *