Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: यातायात माह के तहत सैनी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात के सब इंस्पेक्टर अब्दुल अली ने किया, जिनकी टीम ने सुबह से लेकर शाम तक मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष ध्यान दिया गया। बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, वाहन के कागज न दिखाना, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन जैसे मामलों में करीब 25 चालान काटे गए। कई वाहन चालकों को मौके पर ही नियमों के बारे में समझाया गया, इस दौरान एसआई अब्दुल अली ने बताया कि बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने मोटरसाइकिल चालकों को समझाते हुए कहा हेलमेट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि आपकी जान की सुरक्षा का कवच है। सड़क पर कितनी भी सावधानी बरतें, हादसा कभी भी हो सकता है। ऐसे में हेलमेट आपकी जान बचाने में सबसे अहम भूमिका निभाता है।टीम ने सड़क किनारे रुककर लोगों को हेलमेट की गुणवत्ता, उसके सही तरीके से पहनने, सीट बेल्ट के महत्व, तेज रफ्तार से होने वाले नुकसान और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान कई लोग पुलिस की इस पहल की सराहना करते दिखे। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर चलते रहने चाहिए, जिससे लोग नियमों के प्रति अधिक सजग हों। पुलिस ने जनता से अपील की कि सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लें और अपने परिवार व खुद की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें।