Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हर हाल में किसानो को मिलनी चाहिए खाद: अजय सोनी
KAUSHAMBI NEWS: समर्थ किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानो को रबी की फसलों की बुवाई के समय खाद नही मिलने से नाराजगी जाहिर करते हुए उदहिन खुर्द सोसाइटी से जुड़े किसानो को समुचित मात्रा में जल्द ही खाद वितरित किए जाने की मांग की है। अजय सोनी के मुताबिक सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्रों के दर्जनों गांवों के किसानो के लिए उदहिन खुर्द साधन सहकारी समिति से ही खाद का वितरण हुआ करता था। इधर करीब दो सालों से उक्त समिति के भवन जर्जर होने और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते किसानो को यहां से खाद नही मिल पा रही है जिससे क्षेत्रीय गांवो के हजारों किसानो को भारी दिक्कत हो रही है। इस मामले को लेकर अजय सोनी ने जिला प्रशासन कौशांबी और विभागीय अधिकारियों से कई बार अवगत कराया और जिला पंचायत सदन की बैठक में भी यह मामला उठाया। परंतु विभागीय अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ा। इस संबंध में किसान नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने विभागीय अधिकारियों से पुन: मांग की है कि साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द से जुड़े हजारों किसानो को खाद वितरण के लिए विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए और हर हाल मे किसानो को खाद मिलनी चाहिए। आगे कहा कि जल्द ही समुचित वैकल्पिक व्यवस्था करके विभाग द्वारा हजारों किसानों को खाद नही वितरित की गई तो संबंधित विभाग के कार्यालय का घेराव किया जायेगा। अजय सोनी ने कहा कि सहकारिता विभाग के मनमाने रवैए से अगर हजारों किसानो को खाद नही मिली और उनकी बुवाई का नुकसान हुआ तो सहकारिता विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जायेगा और दिल्ली जाकर सहकारिता मंत्रालय में शिकायत की जायेगी।