सीमांत गांवों में सौर ऊर्जा की रोशनी बिखेरने की तैयारी

LAKHIMPUR KHERI NEWS: अब सीमांत और वनांचल के गांवों में भी सौर ऊर्जा की रोशनी बिखरने जा रही है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर टाटा पावर और टाटा कैपिटल की ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन की सीनियर मैनेजमेंट टीम शुक्रवार को लखीमपुर पहुंची। टीम ने डीएम से मुलाकात कर माइक्रो ग्रिड इंस्टॉलेशन के जरिए सोलर ऊर्जा उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने नेपाल सीमा से सटे वन क्षेत्र के पास स्थित थारू जनजाति बाहुल्य गांव सुरमा और कीरतपुर में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित कर ग्रामीणों को नियमित विद्युत आपूर्ति से जोड़ने की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों को उजाले से जोड़ना सिर्फ बिजली की सुविधा देना नहीं, बल्कि विकास की मुख्यधारा में लाना है। डीएम ने चौगुर्जी गांव में भी सोलर प्लांट लगाने का सुझाव देते हुए निर्देश दिया कि ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जाए जहां अधिकतम ग्रामीणों को लाभ मिल सके। उनके निर्देश पर टाटा पावर-टाटा कैपिटल टीम ने सुरमा और कीरतपुर गांव का स्थलीय निरीक्षण भी किया और प्रोजेक्ट साइट की संभावनाओं का आकलन किया। डीएम की दूरदृष्टि और कॉर्पोरेट साझेदारी के इस प्रयास से जल्द ही सीमांत क्षेत्रों में सौर ऊर्जा क्रांति का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *