Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

विधायक बोले,वंदे मातरम सिर्फ गीत नहीं,देश की आत्मा है
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 7 नवंबर को राष्ट्रवाद के अग्रदूत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय जी द्वारा वर्ष 1875 में रचित राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन के स्वामी विवेकानंद सभागार में गुरुवार को भव्य आयोजन हुआ। शासन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक (सदर) योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे, पीडी एसएन चौरसिया और डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। सभागार में जब “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ, तो वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा और कर्तव्यों की अभिव्यक्ति है। आजादी के आंदोलन में इस गीत ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् हमारे दिलों में राष्ट्र प्रथम की भावना को जगाता है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस ऐतिहासिक अवसर को मनाना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम के आरंभ में पीडी एसएन चौरसिया ने बताया कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 1875 में रचित इस गीत ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को ऊर्जा दी। उन्होंने बताया कि वर्षभर जिले में इस अवसर पर विभिन्न देशभक्ति गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के लाइव उद्बोधन को सभी उपस्थितजनों ने एकाग्रता से सुना और तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रगीत गाने वाली स्कूली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान डीपीआरओ विशाल सिंह, सीवीओ डॉ दिनेश सचान, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, बीएसए प्रवीण तिवारी, डीपीओ भारत प्रसाद, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पर्यटन सूचना अधिकारी संजय भंडारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।
स्कूलों में बच्चों ने गाया वंदे मातरम्
इधर, जिलेभर के माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में भी एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ। बच्चों की स्वर लहरियों से स्कूलों का वातावरण राष्ट्रभक्ति से भर उठा।