Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि कैंसर से बचाव जागरूकता से ही संभव है। नियमित जांच और समय पर उपचार से इस बीमारी को शुरुआती अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सकता है। सीएमओ ने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर की जांच एवं उपचार की सुविधाएं जिले में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन ओरल यानी मुख कैंसर का प्रमुख कारण है, जो धीरे-धीरे जानलेवा रूप ले सकता है। इसी प्रकार अत्यधिक शराब का सेवन भी शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाकर कैंसर के खतरे को बढ़ाता है। उन्होंने सभी से नशामुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. राकेश गुप्ता ने कैंसर के लक्षणों और प्रारंभिक पहचान के उपायों की जानकारी दी। जिरियाट्रिक फिजिशियन डॉ. शिखर बाजपेई ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय-समय पर स्क्रीनिंग कराने पर बल दिया, वहीं डॉ. रचित मिश्रा ने स्तन कैंसर की जांच और स्व-परीक्षण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों और उपस्थित कर्मचारियों ने कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा तंबाकू व शराब से दूर रहने का संकल्प लिया। सीएमओ ने कहा कि यदि समाज एकजुट होकर जागरूकता की दिशा में कार्य करे, तो कैंसर जैसी घातक बीमारी पर नियंत्रण संभव है।