Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में शुक्रवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा जनपद स्तरीय युवा उत्सव 2025 का आयोजन रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तेतरी बाजार के सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाषण, चित्रकला, लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य और विज्ञान प्रदर्शनी जैसे विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जनपदीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़, जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बांसी एवं तेतरी बाजार, श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में अभिषेक त्रिपाठी ने प्रथम, उत्कर्ष ने द्वितीय और ओम सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में अरविंद यादव (बांसी) प्रथम, आनंद कुमार द्वितीय और समिस्ता प्रजापति तृतीय स्थान पर रहीं। विज्ञान प्रदर्शनी में शैल शंकर (रघुवर प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज) ने प्रथम, फिजा परवीन (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज) ने द्वितीय और शनि कुमार (जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत सामूहिक प्रतियोगिता में शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ प्रथम, रघुवर प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज द्वितीय और जय किसान इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहे। लोकनृत्य सामूहिक में रघुवर प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज तेतरी बाजार ने प्रथम, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तेतरी बाजार ने द्वितीय और श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्री जगदंबिका पाल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें मंडल एवं राज्य स्तर पर सफलता की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना की। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी श्री विनय प्रताप राव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उत्सव विकास और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है, जिसमें युवाओं की प्रतिभा ने नई ऊंचाइयों को छुआ। निर्णायक मंडल में सोनाली गुप्ता (जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज), सुनील कुमार पांडेय (जय किसान इंटर कॉलेज) और वीरेंद्र कुमार (शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़) शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सच्चिदानंद शुक्ल ने किया। इस अवसर पर बड़े बाबू नर्मदा, बीओ दीपक कुमार गुप्ता, गंगा प्रसाद प्रजापति, बलवंत यादव, लक्ष्मी वर्मा एवं देवेन्द्र पांडेय सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।