गांव की समस्या गांव में समाधान: सोहास खास में जिलाधिकारी की चौपाल, योजनाओं की समीक्षा और अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन

SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खण्ड उसका बाजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोहास खास में शुक्रवार को गांव की समस्या गांव में समाधान कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं की जानकारी ली गई और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए जाना कि क्या उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी मिल रही है और क्या वे लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की भरपाई सुनिश्चित की जाए तथा किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं ताकि उन्हें ₹5 लाख तक का निःशुल्क इलाज मिल सके। वरासत के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि सभी नागरिक बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरकर वापस करें, जिससे पात्र लोगों का नाम सूची में सम्मिलित हो सके। उन्होंने पेंशन योजनाओं में पात्रता सत्यापन के बाद लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। चौपाल में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी सम्पन्न कराई गई, जिससे मातृ-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश गया। इसके पश्चात दोनों अधिकारियों ने अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया, जो ग्राम पंचायत सोहास खास में स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, बीडीओ उसका बाजार सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान सोहास खास और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *