Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: राष्ट्रीय भावना और गौरव का प्रतीक गीत “वन्दे मातरम्” अपने 150 वर्ष पूरे कर चुका है। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर गुरुवार को जनपद जौनपुर देशभक्ति के रंग में रंग गया। शासन के निर्देशानुसार पूरे देश में 07 नवम्बर 2025 से 07 नवम्बर 2026 तक चलने वाले इस राष्ट्रीय समारोह का आगाज़ जनपद में भव्य आयोजन के साथ हुआ। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम अक्षयवर चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोक भवन सभागार, लखनऊ से राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में “वन्दे मातरम्” का सामूहिक गायन किया। जनक कुमारी इंटर कॉलेज, किड्स वर्ल्ड स्कूल, टी.डी. कॉलेज, राज कॉलेज और कस्तूरबा गांधी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सुरमयी प्रस्तुतियों से देशभक्ति का माहौल बना दिया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित “वन्दे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि आज़ादी की ज्वाला प्रज्वलित करने वाला राष्ट्रीय प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को इस गीत के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही वाद-विवाद, निबंध व गीत प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं की रैली निकाली गई, जिसमें “भारत माता की जय” और “वन्दे मातरम्” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। वातावरण देशभक्ति के सुरों से सराबोर हो गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा राजन, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।