गलत इंजेक्शन से महिला की मौत, निजी नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप

हालत बिगड़ने पर किया रिफर, जिला अस्पताल में तोड़ा दम

FATEHPUR NEWS: जिले में एक निजी नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा है। असोथर थाना क्षेत्र की एक महिला की कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना फतेहपुर शहर के बिंदकी बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में हुई। असोथर थाना क्षेत्र के जनिकपुर गांव निवासी निसार अहमद अपनी पत्नी अफसरी के साथ फतेहपुर शहर में एक रिश्तेदार के घर आए थे। अफसरी को पथरी के कारण पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें उक्त नर्सिंग होम ले जाया गया। पति निसार अहमद ने आरोप लगाया कि नर्सिंग होम में भर्ती करने के बाद उनकी पत्नी को एक इंजेक्शन लगाया गया और दवा दी गई। इसके बाद अफसरी का शरीर काला पड़ने लगा और उनकी हालत गंभीर हो गई। गंभीर हालत को देखते हुए नर्सिंग होम स्टाफ ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अफसरी को मृत घोषित कर दिया। निसार अहमद ने सवाल उठाया कि उनकी पत्नी को कौन सा इंजेक्शन और दवा दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने ऐसे नर्सिंग होम को बंद करने की मांग की, ताकि भविष्य में इलाज के नाम पर किसी और की जान न जाए। इस मामले में जब एसीएमओ इस्तियाक अहमद से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि अभी तक किसी ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर संबंधित नर्सिंग होम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिस नर्सिंग होम में यह घटना हुई है वह अतिक्रमण के दायरे में आता है। पूर्व में जिलाधिकारी अंजनेय सिंह ने इस नर्सिंग होम पर बुलडोजर चलवा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *