रोटावेटर की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम

FATEHPUR NEWS: खेत में ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर की चपेट में आने से एक किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के नरैचा गांव निवासी राजेंद्र पाल (उम्र लगभग 45 वर्ष) शनिवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। खेत जोतने के लिए उन्होंने किराए पर ट्रैक्टर और रोटावेटर मंगाया था। इसी दौरान राजेंद्र पाल रोटावेटर चलते समय ट्रैक्टर में बैठने का प्रयास करने लगे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह रोटावेटर के सामने गिर पड़े। तेज ब्लेड की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। बताया गया कि मृतक कुछ समय से अपने ससुराल में रह रहे थे और वहीं खेत जोतने का कार्य कर रहे थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *