थाना समाधान दिवस पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सुनीं जन समस्याएँ

शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

JAUNPUR NEWS: थाना लाइनबाजार परिसर में पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए* उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मार्ग अवरोध, राजस्व संबंधी शिकायतों तथा स्थानीय विवादों से जुड़े मामलों की फरियादें सामने आईं। एसपी ने थाना प्रभारी लाइनबाजार को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए ताकि जनता को न्याय की भावना प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। डॉ.कौस्तुभ ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनें उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक थाने में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए तथा पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस में उन्होंने स्वयं कई मामलों में मौके पर ही दोनों पक्षों से बातचीत कर पारस्परिक सहमति से समाधान कराने का प्रयास किया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर थाना प्रभारी लाइनबाजार, राजस्व विभाग के अधिकारी, हल्का लेखपाल तथा अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। समाधान दिवस में आए फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही से संतोष व्यक्त किया. एसपी ने यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि हर फरियादी को समय पर न्याय मिले और पुलिस-प्रशासन मिलकर जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाए ताकि कोई भी मामला लंबित न रहे।
थाना समाधान दिवस के इस आयोजन ने पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत किया तथा यह संदेश दिया कि पुलिस प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *