Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप थाना समाधान दिवस का आयोजन आज थाना सिकरारा में किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने की। इस अवसर पर डीएम ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। किसी भी प्रकरण में लापरवाही या टालमटोल की स्थिति पाई जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डॉ. दिनेश चंद्र ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने और भूमि विवादों, आपसी विवादों एवं राजस्व संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न होकर, जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का माध्यम बननी चाहिए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सिकरारा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा और फीडबैक रिपोर्ट तैयार करें, जिससे जनता को त्वरित न्याय मिल सके। जनसुनवाई में आए फरियादियों ने भी जिलाधिकारी की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएम स्वयं सुनवाई कर रहे हैं, जिससे जनता को न्याय मिलने की उम्मीद और भी मजबूत हुई है।