Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

उर्वरक बिक्री केंद्र का डीएम व एसपी ने किया औचक निरीक्षण
BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार व एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को जंगीगंज किसान सेवा सहकारी समिति पर खाद उर्वरक बिक्री व भंडारण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय ट्रक से आए खाद उर्वरक को बिक्री के लिए गोदाम में भंडारण किया जा रहा था। इस दौरान केंद्र प्रभारी एवं सचिव कमलेश कुमार मिश्र गोदाम में मौके पर उपलब्ध एनपीएस व यूरिया के स्टाक से डीएम को अवगत कराया। डीएम ने स्टॉक रजिस्टर, उर्वरक बिक्री रजिस्टर आदि पंजिकाओं का मिलान किया तो सही पाया गया। उन्होंने बताया कि रबी फसलों की बुवाई के दृष्टिगत जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में जनपद में 4407 मीट्रिक टन यूरिया एवं 3167 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। शासन द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी किसान को अधिकतम प्रति हेक्टेयर 5 बोरी डीएपी तथा 7 बोरी यूरिया ही प्रदान की जाएगी। उर्वरकों के निर्धारित दर यूरिया 266 रुपए प्रति बोरी, डीएपी 1350 रुपए प्रति बोरी है।किसी भी सहकारी समिति अथवा निजी विक्रेता द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलना सख्त वर्जित है। यदि किसी विक्रेता द्वारा अधिक दर पर बिक्री की जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी किसानों से कहा कि वे अपना किसान पंजीकरण (किसान रजिस्ट्री) अवश्य कराएं। सहकारी समितियों पर खाद केवल उन्हीं किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। जो समिति के सदस्य हैं या जिनका किसान पंजीकरण पूर्ण रूप से किया जा चुका है।