अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए का सामान किया पार

JALAUN NEWS: उरई शहर कोतवाली से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघोरा का है, जहाँ अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया। चोरी की ये पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों के चेहरे साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शानू मंसूरी पुत्र मुन्ना मंसूरी 7 नवंबर को अपने घर और दुकान दोनों बंद करके रिश्तेदारी में किसी व्यक्तिगत काम से बाहर गए थे। जब वह बाहर थे, तो 9 तारीख को अचानक उनके मोबाइल पर जुड़े सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियाँ दिखाई दीं। पहले उन्हें लगा शायद कोई गलती हो, लेकिन जब उन्होंने फुटेज ध्यान से देखा, तो तस्वीर साफ हो गई। वीडियो में तीन अज्ञात युवक उनके घर के मेन गेट का ताला तोड़ते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद वही युवक अंदर के गेट का ताला तोड़कर घर में घुस जाते हैं। इसके बाद घर के अंदर रखे लॉकर का ताला भी तोड़ दिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में बिलकुल स्पष्ट है, चोरों के चेहरे भी बिना ढके नजर आ रहे हैं। जब शानू मंसूरी घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि मेन गेट टूटा पड़ा है, अंदर का ताला टूटा है और घर का सामान बिखरा हुआ है। लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था और लॉकर से सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोटरसाइकिल सहित काफी सामान गायब मिला। चोरी गए सामान में शामिल है: सोने की जंजीर सोने की अंगूठी. बिछिया चांदी की एक पायल करीब ₹80,000 नकद और एक मोटरसाइकिल यानी कुल मिलाकर चोरी की रकम और सामान की कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यहाँ ये उठता है कि शहर में और वह भी पुलिस लाइन के कुछ ही कदम दूर इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? और चोरों को इतनी हिम्मत कहाँ से आई कि वे आराम से ताले तोड़ते रहे और किसी को खबर तक नहीं लगी। मामले के सामने आने के बाद उरई पुलिस भी एक्टिव हुई और मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की पहचान शुरू कर दी है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी पकड़ में आ जाएंगे।
लेकिन दूसरी ओर मोहल्ले के लोगों और आम जनता के मन में एक ही सवाल है — अगर शहर के बीचों-बीच इतने बड़े स्तर की चोरी हो सकती है, तो आखिर सुरक्षा व्यवस्था कहाँ है? और अगर पुलिस लाइन के बिल्कुल पास ऐसा हो रहा है, तो बाकी इलाकों की सुरक्षा कैसी होगी? स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पेट्रोलिंग बेहद कमजोर है, और चोर गिरोह लगातार सक्रिय हैं। जबकि प्रशासन का कहना है कि फुटेज में चेहरे साफ हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी। प्रार्थी शानू मंसूरी ने उरई कोतवाली में तहरीर देकर तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि शहर में इस तरह की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे। फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेने की संभावना जताई जा रही है।
लेकिन इस घटना ने एक बात साफ कर दी — उरई में चोरों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में। यह खबर हम लगातार अपडेट करते रहेंगे। जो भी नई जानकारी आएगी — हम आप तक सबसे पहले पहुँचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *