Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो: जिलाधिकारी
JALAUN NEWS : विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय रविवार को कालपी पहुंचे और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता को समयबद्ध रूप से फॉर्म पहुंचे और भरे हुए फॉर्म निर्धारित अवधि में वापस प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा शुद्ध और त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, और कोई भी अपात्र मृत डुप्लीकेट शिफ्टेड अनुपस्थित मतदाता का नाम मतदाता सूची में ना रहे , नाम उम्र सम्बन्ध एवं फोटो में कोई त्रुटि ना रहे यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र को ध्यानपूर्वक भरें, हस्ताक्षर करें और उसे BLO को वापस दें। यदि मतदाता स्वयं उपस्थित न हों, तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य सभी की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म जमा कर सकता है। बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण कार्य पूरे जनपद में प्रारंभ हो चुका है। भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म बीएलओ को समय पर वापस किए जाने पर ही मतदाता का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन पात्र नागरिकों के नाम 2023 की सूची में नहीं हैं, उनके लिए दूसरा सत्यापन चरण 9 दिसंबर के बाद ERO/एसडीएम कार्यालयों के माध्यम से संचालित होगा। वहीं, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से अन्य स्थान पर चले गए हैं, उनके परिजन येलो फॉर्म भरकर बीएलओ को सूचना दें ताकि सूची से अपात्र नाम हटाए जा सकें। सभी नागरिक समय पर अपने विवरण उपलब्ध कराएं ताकि आगामी अंतिम मतदाता सूची, जो 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी, पूर्णतः अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार की जा सके।