12 घंटे में चोरी की बंदूक बरामद, किशनपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

FATEHPUR NEWS: किशनपुर थाना पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के अंदर ही चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी के पास से 12 बोर डीबीबीएल (दो नली) बंदूक बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनपुर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। चोरी की यह घटना थाना किशनपुर क्षेत्र के ग्राम पहोरा में हुई थी। घटना के अनुसार, वादी बबलू पुत्र मुन्नीलाल, निवासी ग्राम खोपा थाना राजापुर, जनपद चित्रकूट (वर्तमान पता पहोरा, फतेहपुर) ने 8 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके मकान से उनकी 12 बोर लाइसेंसी दो नली बंदूक चोरी कर ले गए। इस पर मुकदमा संख्या 276/2025 धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्त विकास निषाद (18 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप निवासी मड़ौली थाना किशनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक (मॉडल नंबर ए/9.याई-2002, नं. 55255) बरामद की गई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस एवं 9/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधीक्षक ने टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए सराहा और कहा कि अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम, उपनिरीक्षक मोहम्मद ताज हसन, उपनिरीक्षक जितेन्द्र दुबे, कांस्टेबल विवेक यादव और कांस्टेबल राजेश तिवारी शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *