Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बिहार में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी गरजे यूपी के मुख्यमंत्री
BIHAR ARARIYA NEWS: रविवार नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिहार में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी खूब गरजे। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के लिए रैली की। सीएम योगी की पहली जनसभा सिकटी विधानसभा क्षेत्र में हुई। भारतीय जनता पार्टी ने विधायक विजय कुमार मंडल को यहां से प्रत्याशी बनाया है। सीएम ने मतदाताओं से विजय मंडल को फिर से विजयश्री दिलाने की अपील की। सीएम योगी ने कांग्रेस, राजद समेत महागठबंधन पर बिहार में जंगलराज फैलाने का आरोप लगाया और मतदाताओं से अपील की कि कलंकित व काले अतीत के लोग विश्वास लायक नहीं हैं।
गौरवशाली अतीत के धनी बिहार के सामने संकट खड़ा करने वाले ही असली अपराधी
सीएम योगी ने माता जानकी की धरा को प्रणाम कर बिहारवासियों से खुद को जोड़ा। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में माताओं, बहनों, नौजवानों ने जो उत्साह-उमंग दिखाया है। वह बताता है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेंगी तो बिहार की जनता का निर्णय आएगा ‘फिर एक बार एनडीए सरकार।’ उन्होंने कहा कि गौरवशाली अतीत के धनी बिहार के सामने संकट खड़ा करने वाले ही असली अपराधी हैं। जिन लोगों ने नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। बिहार में जंगलराज लाने का पाप किया, बिहार को पीछे के पायदान पर धकेला, वे लोग बड़ी-बड़ी घोषणाएं और नौकरी के नाम पर बहकाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जिन लोगों का अतीत कलंकित और काला है, उन पर विश्वास करने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस व राजद सरकारों के समय बिहार के सामने साक्षर बनने का संकट खड़ा हो गया था
सीएम योगी ने कहा कि जो बिहार कभी दुनिया को ज्ञान देता था, कांग्रेस व राजद सरकारों के समय उसी बिहार के सामने साक्षर बनने का संकट खड़ा हो गया था। यह अपराध करने वालों ने बिहार को सबसे नीचे पायदान पर धकेला था पर 2005 में बिहार ने अंगड़ाई ली और नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी। फिर आज बिहार का नौजवान देश के अंदर सिविल सर्वेंट, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, स्टार्टअप, उद्यमी समेत जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नया करके देश व दुनिया के लिए मॉडल खड़ा कर रहा है। सीएम ने मतदाताओं से अपील की कि बिहार के विकास की यात्रा थमनी-रूकनी नहीं चाहिए।
कांग्रेस व राजद की जोड़ी लेकर आई थी जंगलराज
सीएम योगी ने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि यह विकास करने वाले नहीं, बल्कि विकास को जंगलराज में बदलने का पाप करने वाले लोग हैं। राजद के 15 वर्ष के शासनकाल में 60 से अधिक नरसंहार, अपहरण की 30 हजार से अधिक घटनाएं हुईं। बिहार में कांग्रेस व राजद की जोड़ी ही जंगलराज लेकर आई थी। इनके शासन में व्यापारी, इंजीनियर, चिकित्सक, बच्चे, बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं। सीएम ने आाह्वान किया कि प्रदेश को समृद्ध बिहार बनाना है और फिर से जंगलराज नहीं आने देना है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन, नीतीश बाबू के नेतृत्व के साथ ही एनडीए के पांच पांडव मिलकर बिहार के विकास को गति दे रहे हैं।
रामद्रोही हैं कांग्रेस व राजद वाले
सीएम योगी ने कहा कि बिहार में आज सड़क, बिजली, रेल, एयर कनेक्टिविटी समेत सभी सुविधाएं हैं। दरभंगा में एयरपोर्ट होने से आसानी से हम लोग यहां आ गए। उन्होंने कहाकि मोदी जी के नेतृत्व में आस्था का सम्मान, विरासत, विकास व गरीब कल्याण भी है। कांग्रेस, राजद के लोग रामद्रोही हैं। कांग्रेस, सपा व राजद वाले बोलते थे कि राम मंदिर नहीं बनने देंगे। राजद वालों ने राम मंदिर की रथ यात्रा को रोका था। उप्र में समाजवादी पार्टी रामभक्तों पर गोली चलाती थी। हम बोलते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। यह लाठी-गोली चलाते थे, तब भी हम बोलते थे कि लाठी-गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया। रामलला विराजमान हो गए हैं। एनडीए सरकार सीतामढ़ी में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण कर रही है।
कांग्रेस व राजद की दलाली हो गई समाप्त
सीएम योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि 46 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुल गए, जिससे योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में जाने लगा और कांग्रेस व राजद की दलाली समाप्त हो गई। मोदी जी ने 10 करोड़ गरीबों को रसोई गैस का फ्री कनेक्शन दिया, जबकी इसी कनेक्शन के लिए कांग्रेस वाले 25-50 हजार रुपये वसूल करते थे। 1990 से 2005 तक यह लोग सत्ता में थे तो पशुओं का चारा डकार गए थे, इस बार आएँगे तो राशन डकार जाएंगे। इन्हें दोबारा अवसर नहीं देना है।