Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं कुशल बनाने के उद्देश्य से 102/108 के इमरजेंसी मेडिसिन टेक्नीशियन (ईएमटी) का मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में लखीमपुर खीरी, हरदोई एवं शाहजहांपुर जनपदों के ईएमटी शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में कार्यरत ईएमटी की कार्यकुशलता एवं निर्णय क्षमता को और बेहतर बनाना था। प्रत्येक प्रतिभागी को दो दिन का सघन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने कौशल को और अधिक निपुण बना सकें। आज तृतीय बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा अवस्थी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सुरक्षित प्रसव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि घर या एंबुलेंस में प्रसव की स्थिति में किन सावधानियों का पालन करना चाहिए और प्रसूता एवं नवजात शिशु को सुरक्षित अस्पताल तक कैसे पहुंचाना चाहिए। लखनऊ से आए प्रशिक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह एवं पुनीत कुमार सिंह ने आपात स्थिति में एंबुलेंस में उपलब्ध उपकरणों के सही उपयोग और आपातकालीन देखभाल के व्यवहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी सेवा भावना और कार्यकुशलता को और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर 102/108 के क्षेत्रीय प्रबंधक सुमित कुमार दुबे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कैलाश बिष्ट, तथा ईएमई अली अब्बास और विदित कुमार दुबे उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे मरीजों को त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सहायता प्राप्त हो सकेगी।