ऑनलाइन ठगी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद

FATEHPUR NEWS: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार निवासी घरहीखेडा मजरे जाफराबाद थाना बिंदकी और बाबू सिंह निवासी उसी गांव के हैं। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी मोबाइल, सिम, बैंक खाता और वाईफाई का इस्तेमाल कर खुद को किसी कंपनी का पदाधिकारी बताकर लोगों को घर बैठे नौकरी का झांसा देते थे। इसके बाद वे क्यूआर कोड और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से रुपये ठगते थे। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों ने हैदराबाद (तेलंगाना) और द्वारका (दिल्ली) से ऑनलाइन वित्तीय ठगी की थी। हैदराबाद में 11,300 रुपये और दिल्ली में 26,560 रुपये की ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इन शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच की और आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने दीपक कुमार को 9 नवंबर को त्रिलोकीपुर अंडरपास के पास और बाबू सिंह को 10 नवंबर को देवीगंज अंडरपास (राधानगर) के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से तीन मोबाइल फोन — एक वीवो, एक रेडमी और एक जियो भारत कीपैड फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह इससे पहले भी साइबर फ्रॉड, चोरी और बिजली चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रणधीर सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार मिश्रा, अखिलेश उपाध्याय, शुभेंदु रंजन, अजय कुमार, अरुण कुमार, अभिषेक कुमार और महिला कांस्टेबल सीमा माथुर की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *