टीसी गांव की बेटी गायत्री को मिली डॉक्टरेट की उपाधि, साहित्य जगत में खुशी की लहर

राजनीति विज्ञान में शोध पूरा कर फतेहपुर का नाम किया रोशन, साहित्यकारों ने दी बधाई
FATEHPUR NEWS: कहते हैं मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, इसे सच कर दिखाया है हसवा ब्लॉक के टीसी गांव की बेटी गायत्री देवी उर्फ कोमल ने। गायत्री ने राजनीति विज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि (पी. एचडी.) प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे फतेहपुर जनपद का नाम रोशन किया है। गायत्री देवी ने चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय से बहुदलीय राजनीति के प्रभावों का समीक्षात्मक अध्ययन – उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भ में (1990 से अब तक) विषय पर शोधकार्य पूरा किया। इस शोध कार्य में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. नीलम चौरे ने उनका मार्गदर्शन किया। गायत्री की शुरुआती शिक्षा उनके गांव में हुई। उन्होंने बी.ए. फतेहपुर के राजकीय महिला महाविद्यालय से तथा एम.ए. (हिन्दी एवं राजनीति विज्ञान) ग्रामोदय विश्वविद्यालय से किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां लल्ली देवी और मामा वामदेव द्विवेदी को दिया। गायत्री ने बताया कि पिता के निधन के बाद मामा ने उन्हें आश्रय देकर उच्च शिक्षा पूरी कराई। उन्होंने बताया कि वे परिवार की दूसरी पीएचडी धारक हैं। उनके बड़े भाई डॉ. पीयूष कुमार द्विवेदी (पुत्तू) चित्रकूट स्थित जगतगुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय में हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य हैं, जबकि बड़ी बहन स्नेहलता सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। गायत्री के शोध की मौखिक परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भरत मिश्रा, अधिष्ठाता डॉ. नंदलाल मिश्रा और अन्य विद्वान उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकारों — डॉ. बृजमोहन पांडेय विनीत, जफर इकबाल जफर, डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल, शिव शरण बंधु हथगामी, डॉ. वारिस अंसारी, आलोक मिश्रा समेत कई अन्य ने शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *