पत्नी की हत्या कर पति ने दी जान सात साल की शादी का हुआ दर्दनाक अंत

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  कटरा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है,मामूली विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद रेलवे ट्रैक पर कूदकर जान दे दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, ओम नगर कॉलोनी में रहने वाले धनी मौर्या की शादी करीब सात साल पहले सुमित्रा उर्फ सुमन देवी से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से कहा-सुनी और झगड़े चल रहे थे। सोमवार को किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद धनी मौर्या ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी को मारने के बाद धनी मौर्या घर से निकल गया और कुछ ही देर बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के आगे कूद गया। इससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। कुछ ही देर में दोनों की मौत की खबर फैलते ही मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच विवाद था। उसी विवाद के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी कानूनी कार्रवाई होगी वो की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *