Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिले में फील्ड स्टडी पर 16 नवंबर तक रहेगा अकादमी से आए प्रशिक्षु अफसरों का दल
LAKHIMPUR KHERI NEWS: लखीमपुर खीरी 09 नवंबर को। देश के अलग-अलग राज्यों से आए भावी अफसरों के लिए शनिवार का दिन सीख और प्रेरणा से भरा रहा, जब लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (भारत सरकार), मसूरी से आए 12 प्रशिक्षु अधिकारियों का दल डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल से मिला। यह दल फाउंडेशन कोर्स के तहत 16 नवंबर तक लखीमपुर खीरी में फील्ड स्टडी और रिसर्च प्रोग्राम पर रहेगा। कलेक्ट्रेट में आयोजित संवाद सत्र में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात कर उनसे परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गहन संवाद किया।कहा कि एक अच्छा प्रशासक वही है, जो जनता की नब्ज़ समझे और समाधान अपनेपन से दे। उन्होंने अधिकारियों को शासन-प्रशासन में संवेदनशीलता, जनसंपर्क और टीमवर्क की अहम भूमिका पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। डीएम ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे प्रशासन की असली परीक्षा फील्ड पर, लोगों के बीच होती है। उन्होंने जनसुनवाई, सीमांत विकास, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा सुधार, अभिनव पहल “मिशन मैदान” जैसे अभियानों पर विस्तार से चर्चा की।
सुशासन की पाठशाला में अफसरों ने बांटे अनुभव, कानून-व्यवस्था से लेकर ग्रामीण विकास तक हुई सार्थक चर्चा
कार्यक्रम में एसपी संकल्प शर्मा ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन में समन्वय की भूमिका पर अपने अनुभव साझा किए। वहीं, सीडीओ अभिषेक कुमार ने ग्रामीण विकास योजनाओं और सामाजिक नवाचारों के क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी। एसडीएम मोहम्मदी/जॉइंट मजिस्ट्रेट चलुवराजू आर, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे मौजूद रही।फील्ड स्टडी दल जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में जाकर शासन की जमीनी व्यवस्था, सामाजिक पहल एवं नवाचारों का अध्ययन करेगा। प्रशिक्षु अधिकारियों ने डीएम की कार्यशैली और संवाद शैली की सराहना करते हुए कहा कि यह फील्ड विज़िट उनके लिए किताबों से परे, असली प्रशासन सीखने का अनुभव साबित होगा।
फील्ड स्टडी दल में शामिल अधिकारी
फील्ड स्टडी दल में शामिल प्रशिक्षु अधिकारियों में आईपीएस दीपक चौधरी, आईपीएस सागर आईएफएस अभिशील जायसवाल, आईआरएमएस लिंगुडु जोशी बाबू, आईआरएमएस गौरव सिंह, आईआरएमएस राजन छत्रौला, आईआरएमएस प्रवीन कुमार, आईएफएस दीपक कुमार मीणा, आईएफएस आदर्श सीएस, इंडियन फॉरेस्ट सर्विस अधिकारी श्रीरंग काओरे, आईआरएस (सी एंड आईटी) दिव्यांशु शांडिल्य तथा आरबीपीएस अधिकारी सोनम शेरिंग शामिल हैं।