सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना पर शोहरतगढ़ में आभार समारोह, शिक्षकों और नागरिकों ने जताया धन्यवाद

SIDHARTHNAGAR NEWS: समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ के नेतृत्व में सोमवार को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर क्षेत्रीय जनता की ओर से कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक बना। मिश्रा ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना तराई अंचल के लिए उच्च शिक्षा का ऐतिहासिक पड़ाव है, जिसकी कल्पना और क्रियान्वयन समाजवादी सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में संभव हुआ। उन्होंने कहा कि हर वर्ष का दीक्षांत समारोह यह स्मरण कराता है कि शिक्षा के क्षेत्र में अखिलेश यादव जैसा कार्य आज तक कोई नहीं कर सका। कार्यक्रम के पहले चरण में बजहा चौराहे के आसपास के गांवों में “सिद्धार्थ विश्वविद्यालय धन्यवाद एवं आभार अभियान” के अंतर्गत स्मारिका का वितरण किया गया। दूसरे चरण में टीचर्स कॉलोनी, शोहरतगढ़ में शिवपति डिग्री कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एम.एन. सिंह, प्रो. खेदन सिंह और शिवपति इंटर कॉलेज के शिक्षक श्याम देव यादव को समाजवादी साहित्य, स्मारिका और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से बुद्ध की ज्ञान परंपरा को नया प्रवाह मिला है। यह संस्थान न केवल बस्ती मंडल बल्कि नेपाल के छात्रों के लिए भी उच्च शिक्षा का सशक्त केंद्र बन चुका है। इस ऐतिहासिक पहल में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय की भूमिका की भी सराहना की गई। इस अवसर पर मुरलीधर मिश्रा (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी), अल्पसंख्यक सभा के जिला महासचिव अब्दुल कलाम आज़ाद, सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गोपाल फौजी, छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, शादाब, अभिनय कुमार, घनश्याम यादव, संदीप साहनी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *