Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

गायों की तड़प-तड़प कर मौत, वीडियो वायरल, मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट पर उठे सवाल
ETAWA NEWS: चकरनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत ददरा के बरचौली गांव में स्थित गौशाला की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। गौशाला में गायें चारा-पानी के अभाव में तड़प-तड़प कर दम तोड़ रही हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं। गौशाला परिसर में गोबर के बड़े-बड़े अंबार, सड़ी हुई घास और गंदगी का आलम देखने को मिला है। देखरेख के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। लंबे समय से चारा-पानी की कमी के कारण कई गौवंश बीमार हैं, वहीं कई की मौत हो चुकी है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गौशाला प्रबंधन पूरी तरह लापरवाह है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सफाई कराई गई और न ही भोजन-पानी की व्यवस्था में सुधार हुआ। ग्रामीणों द्वारा बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
यह वही गौशालाएं हैं जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया था, लेकिन बरचौली गांव की हकीकत ने इस योजना की जमीनी सच्चाई सामने ला दी है। गांव के लोगों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत सचिव, पशुपालन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और गौशाला संचालक के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि मृत गायों को बीहड़ों में फेंक दिया जाता है, जो बेहद अमानवीय और शर्मनाक है। अब बड़ा सवाल यह है कि जब गौशाला योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो फिर भी बेबस गायें भूख और प्यास से क्यों मर रही हैं?