Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हंसता-खेलता घर मातम में बदला — सड़क हादसे ने ली एक होनहार की जान
MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) जिला न्यायालय मीरजापुर में ADGC के पद पर तैनात सरकारी वकील पंकज सिंह के पुत्र शांतनु सिंह की ग्रेटर नोएडा में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही पूरे अधिवक्ता समाज में शोक की लहर दौड़ गई। सूत्रों के अनुसार, शांतनु सिंह गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में एलएलबी (कानून) की पढ़ाई कर रहा था। बचपन से ही पिता की राह पर चलने का सपना देखा था। उसका सपना था कि एक दिन वह जज बने और न्याय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए। लेकिन इस सड़क हादसे ने एक होनहार बेटे के सपनों को पलभर में तोड़ दिया। जैसे ही बेटे की मौत की खबर मीरजापुर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, पिता के चेहरे पर टूटी उम्मीदों की पीड़ा साफ झलक रही है। घर में पसरा सन्नाटा हर किसी का दिल दहला दे रहा है। एक मां की गोद सूनी हो गई, एक पिता का सपना सड़क हादसे में उजड़ गया। अधिवक्ता समाज और परिजनों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।